योग बिना भक्ति उसी तरह है, जैसे सुनार बिना सोना के। हमें ज्ञान और कर्म की भी साधना करनी पड़ेगी। सिर्फ आसन और प्राणायाम करने से परमसत्ता को नहीं पाया जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण है भक्ति। एक अनपढ़ व्यक्ति भी भगवान को पा सकता है, जबकि एक विद्वान भी उसे नहीं प्राप्त कर सकता है।
इस संदर्भ में सवाल उठता है कि ज्ञान क्या है? सभी वस्तुओं में परमात्मा की उपस्थिति का अनुभव करने का प्रयास करना ही ज्ञान साधना है। सभी वस्तुओं में परमात्मा की सत्ता को अनुभव करने के लिए लोग आध्यात्मिक साधना करते हैं। परमात्मा सभी वस्तुओं में नहीं है, बल्कि सभी वस्तुएं उन्हीं में हैं, सभी वस्तुएं वे ही हैं। ज्ञान साधना में यह बोध होता है कि सभी वस्तुएं परमात्मा ही हैं। अब सवाल उठता है कि कर्म साधना क्या है? भौतिक विश्व में सभी व्यक्तियों में कार्य करने की संभावना है, किंतु कुछ लोग ही शत-प्रतिशत संभावना का उपयोग कर पाते हैं, 90 प्रतिशत का उपयोग हो ही नहीं पाता।
कर्म साधना का आशय है- दूसरों के लिए अधिक और अपने लिए कम कर्म करना। साधारणतया मनुष्य अपने लिए ही कार्य में संलग्न रहता है। जो दूसरों के लिए भी कर्म करता है, वह वास्तव में महान है। जो सिर्फ दूसरों के लिए ही कर्म करता है वह 'कर्मसिद्ध' कहा जाता है। इसलिए ज्ञान और कर्म द्वारा भक्ति का जागरण किया जाता है। इस बात को मन में रखें कि ज्ञान और कर्म दोनों को ही करना है, किंतु कर्म साधना, ज्ञान साधना से ज्यादा करनी है। जब कर्म की तुलना में ज्ञान साधना ज्यादा हो जाए, तो अहंकार के पैदा होने की संभावना बढ़ जाती है, जिसका परिणाम पतन होता है।
जब ज्ञान से अधिक कर्म किए जाते हैं, तब भक्ति जाग्रत हो जाती है, तब योगी परमात्मा की तरफ बढ़ सकता है। इसके पहले नहीं। एक योगी संपूर्ण रूप से भक्ति पर आश्रित रहता है। जहां भक्ति नहीं है, उस योगी का हृदय मरुभूमि की तरह हो जाता है। एक साधक का हृदय मिट्टी की तरह होता है। इष्टमंत्र बीज है और भक्ति जल के समान है। जहां भक्ति की ठंडी फुहार नहीं है, उस मरुभूमि में बीज बोना व्यर्थ है। इसलिए एक आदर्श योगी बनना सबका लक्ष्य है, किंतु यह याद रखना चाहिए कि भक्ति की लौ को अंतर्मन में जाग्रत करना जरूरी है।
|| हरिः शरणम् ||
|| हरिः शरणम् ||
No comments:
Post a Comment