Sunday, November 29, 2026

सम्भवामि युगे युगे -88

 सम्भावामि युगे युगे - 88

         सुग्रीव मित्र हैं तो मित्र का कार्य सबसे पहले । सुग्रीव का एक ही कार्य है - पत्नी को बाली से मुक्त कराना । परन्तु बाली इतनी आसानी से मुक्त नहीं करेगा, उससे युद्ध करना पड़ेगा । बाली बली है, सुग्रीव उसके सामने कहीं नहीं टिकेगा । तुंगभद्रा नदी के इस पार ऋष्यमूक पर्वत है और उस पार किष्किन्धा । राम इस पार खड़े होकर सुग्रीव को भेज दिया उस पार किष्किन्धा में, बाली को ललकारने । भगवान ने कहा - ‘मैं हूँ ना ! जाओ युद्ध करो ।’ भगवान पेड़ की ओट से देख रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि बाली के पास ‘दृष्टि पड़ने वाले की आधी शक्ति’ पाने का आशीर्वाद है । 

         राम की कोई शत्रुता नहीं है, बाली से । हां, परमात्मा की अवश्य शत्रुता है और जिससे उनकी शत्रुता होती है उसका वे वध करते ही हैं । परन्तु शरीरधारी परमात्मा राम की बाली से कोई शत्रुता नहीं है इसलिए वे सीधे नहीं लड़ेंगे । हाँ, आवश्यकता पड़ने पर मित्र सुग्रीव की सहायता अवश्य करेंगे । सुग्रीव की ललकार सुन बाली क्रोधित हो उठा और मारने के लिए दौड़ पड़ा । पत्नी तारा ने रोक लिया -‘कहाँ, जा रहे हो ? जानते हो उसके साथ कौन है ? राजकुमार नहीं है, वे साक्षात् परमात्मा हैं ।’ क्रोध व्यक्ति को बहरा बना देता है । अनसुना कर सुग्रीव से भिड़ने निकल पड़ा ।

       दोनों भाई, एक समान, एक रूप । युद्ध के पहले चक्र में ही बड़ी मार पड़ी सुग्रीव को । व्याकुल होकर लौटा राम के पास । ‘मित्र ! बड़ा क्रूर है यह बाली । ऐसे तो मुझे मार डालेगा । आप तो पेड़ के पीछे छिप कर खड़े-खड़े देखते रहे ।’ भगवान पहले अपने भक्त का बल देखते हैं । जब भक्त असहाय होकर भगवान का आश्रय लेता है, तभी भगवान उसकी सहायता करते हैं । अपने बल का अभिमान त्यागे बिना भगवान सहायता के लिए नहीं आते ।

क्रमशः 

प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल

 ।। हरिः शरणम् ।।

No comments:

Post a Comment