सम्भवामि युगे युगे -86
अपने श्राप का प्रभाव आज वन में भटक रहे प्रभु को देखकर नारद दुःखी हो रहे हैं परंतु प्रभु पर कोई इसका कोई प्रभाव नहीं है । माया का यही तो रूप है - कहीं धूप कहीं छाया । नारदजी पश्चाताप कर रहे हैं परन्तु भगवान जानते हैं कि लीला में बहुत कुछ कहना, करना और सहना भी पड़ता है परन्तु प्रत्येक परिस्थिति में समता बनाए रखना है, उसको खोना नहीं है । शबरी के बताए मार्ग पर चलते हुए भगवान पहुंच गए हैं, पम्पा सरोवर । दूर से ही ऋष्यमूक पर्वत दिखलाई पड़ रहा है । थोड़ी देर विश्राम कर पर्वत की ओर चल पड़े ।
रास्ते में एक ब्राह्मण से भेंट होती है । ब्राह्मण भगवान से परिचय पूछता है । राम अपना परिचय देते हैं - ‘हम अयोध्या के राजकुमार राम-लखन हैं, वन में आए हुए हैं । यहां वैदेही का किसी ने अपहरण कर लिया है । हम उसे ही वन में ढूंढ़ते घूम रहे हैं । तुम कौन हो ब्राह्मण ?’ ब्राह्मण ने देखा - वही सौम्यता, वही शुचिता, वही आकर्षण, हाथ में धनुष बाण, कहीं ये मेरे प्रभु तो नहीं है ? पहचान गए हनुमान और अपना वास्तविक रूप प्रकट करते हुए चरणों में गिर पड़े । ‘भूल गया प्रभु आपको, जीव जो हूँ परंतु स्वामी आप सेवक को कैसे भूल गए ?’ हनुमान के ऐसा कहते ही राम ने उन्हें उठाकर अपने हृदय से लगा लिया । भगवान बताते नहीं है कि वे भक्त को कैसे भूल गए क्योंकि भगवान भक्त को कभी भूलते ही नहीं है । भक्त ही भगवान को भूलता है ।
‘नाथ ! इस पर्वत पर कपिराज सुग्रीव रहते हैं । सुग्रीव, बाली के छोटे भाई । बाली ने एक छोटी सी ग़लतफ़हमी के कारण सुग्रीव को मार-पीट कर घर से निकाल दिया और उनकी पत्नी को अपने पास रख लिया । प्रभु ! मित्रता कीजिए सुग्रीव से, वे सीता को ढूंढ़ने में आपकी सहायता करेंगे ।’ कहते हुए हनुमान ने दोनों भाइयों को अपने कंधे पर चढ़ा लिया और ऋष्यमूक के शिखर की ओर उड़ चले ।
क्रमशः
प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल
।। हरिः शरणम् ।।
No comments:
Post a Comment