सम्भवामि युगे युगे -82
रास्ते चलते नारद के मन में विचार आया कि जगत् पिता ब्रह्माजी के पास भी चलना चाहिए । क्यों न उनके पास जाकर अपनी इस उपलब्धि को बताऊँ ? वे पिता हैं, जानकर बड़े प्रसन्न होंगे । नारदजी ब्रह्माजी के मानस पुत्र हैं । पिता को अपने पुत्र की उपलब्धि पर गर्व क्यों नहीं होगा ? ब्रह्माजी ने बड़ी प्रशंसा की परंतु पुत्र के भीतर पनपते अहंकार को वे ताड गये । कहने लगे - ‘हां, एक बात का ध्यान रखना । यह काम विजय की बात मुझे तो कह दी, परंतु भूलवश भी श्रीहरि को मत कहना ।’ परन्तु मुनि कहां मानने वाले थे, सोचा, इतनी बड़ी उपलब्धि को कहने में क्या परेशानी है ?
अहंकार से ग्रस्त व्यक्ति की बुद्धि स्वतंत्र नहीं रह सकती क्योंकि उस पर अहम् इतना अधिक प्रभावशाली हो जाता है कि उसे ‘मैं’ के अतिरिक्त कुछ भी नहीं सूझता । ‘केवल भोले भण्डारी ही क्यों, मैंने भी तो काम को जीता है’ नारद की इसी सोच ने उनको पतन की राह पर धकेल दिया । अहंकार मदमस्त हाथी की तरह होता है, जिस राह वह चल पड़ता है, कोई बाधा उसे रोक नहीं सकती ।
पहुंच गए, श्रीहरि के यहां, बैकुण्ठ में । जाते ही प्रणाम किया और शुरू हो गए आत्म प्रशंसा करने । भगवान भक्तों के सबसे बड़े रक्षक है । भक्त को हानि पहुंचाने वाले तत्वों से रक्षा करना वे अपना दायित्व समझते हैं । हरि को भान हुआ कि यह अहंकार मेरे भक्त का पतन कराने वाला है, यह और अधिक बढे, उससे पहले ही इसे रोकना होगा ।
संयोगवश मिली किसी उपलब्धि के कारण यदि हम अपने आप को गौरवान्वित अनुभव करते हैं तो इसका एक ही अर्थ है कि हम अभी भी आत्मज्ञान से बहुत दूर हैं । जिस दिन स्वयं का ज्ञान हो जाएगा, ऐसी छोटी-बड़ी उपलब्धि से विचलित नहीं होंगे । आपकी सभी उपलब्धियां विधि के अधीन है और विधि के नियन्त्रणकर्ता स्वयं श्रीहरि हैं । आपके योग्य जो भी उपलब्धि होगी, वे दे देते हैं परंतु जब यही उपलब्धि आपके सिर चढ़कर बोलने लगती है, परमात्मा तुरन्त उसको वापस भी ले लेते हैं । उपलब्धि को अपना मान लेना ही मनुष्य का सबसे बड़ा दुर्गुण है । नारदजी यही गलती कर बैठे हैं ।
क्रमशः
प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल
।। हरिः शरणम् ।।
No comments:
Post a Comment