सम्भवामि युगे युगे -87
इस प्रकार सीता की खोज करते करते भगवान का ऋष्यमूक पर्वत पर सुग्रीव से मिलन होता है । वहाँ उन्होंने एक राक्षस का शव देखा । वह इतना ऊँचा था कि आकाश को छू रहा था । उसका फैलाव सागर के समान था । भगवान ने पूछा कि यह कौन है ? सुग्रीव ने उत्तर दिया कि यह दुन्दुभी दानव था । उसके दो सींग थे, जो इतने ऊंचे थे कि चंद्रमा को स्पर्श कर सकते थे ।
इस दुन्दुभी दानव ने एक बार कैलाश पर्वत को अपने सींगों से खोद डाला था । यह देखकर शंकरजी ने उसको देवों के पास भेज दिया । देवों ने उसे लड़ने के लिए बाली के पास भेज दिया । बाली ने उसके दोनों सींग उखाड़ डाले और ऐसा उछाला कि इस पर्वत पर आकर गिरा । उस समय इस पर्वत पर मतंग ऋषि का आश्रम था । दानव की देह से आश्रम को बड़ी क्षति पहुँची । क्रोधित होकर मतंग ऋषि ने बाली को श्राप दिया कि ऋष्यमूक पर्वत पर पैर भी रखा तो तुम्हारी मृत्यु हो जाएगी । बाली से प्रताड़ित और किष्किन्धा से निष्कासित होकर सुग्रीव ने अपना निवास ऋष्यमूक पर्वत पर इसीलिए बना लिया कि बाली मतंग ऋषि के शाप के कारण यहाँ नहीं आ सकता था ।
भगवान अपने भक्त के अधीन होते हैं, फिर हनुमान ठहरे उनके परम भक्त । भगवान सब कुछ कर सकते हैं परंतु श्रेय देने के लिए भक्त की ही सहायता लेते हैं । हनुमान पहुंचे ऋष्यमूक पर्वत पर, परिचय कराया गया और संक्षेप में एक दूसरे को अपनी व्यथा बताई । सीताहरण की बात सुनकर वानरों ने माता के आभूषण और वस्त्र लाकर दिखा दिए । राम और सुग्रीव, दो परंतु दोनों की पीड़ा एक - स्त्री वियोग । हनुमान ने करा दी दोनों में मित्रता ।
क्रमशः
प्रस्तुति - डॉ . प्रकाश काछवाल
।। हरि: शरणम् ।।
No comments:
Post a Comment