सम्भवामि युगे युगे -71
जटायु ने विपदा में पड़ी नारी को बचाने का यथासम्भव प्रयास किया । आज हम सर्वप्रथम तो नारी की पुकार को सुनकर भी अनसुना कर देते हैं और यदि गलती से सुन भी लें तो प्राणों के भय से उसे बचाने का प्रयास तक नहीं करते । इससे उलट, कई लोग तो छली जा रही पीड़ित स्त्री का वीडियो तक बनाने लगते हैं । यही कारण है कि आज नारी अस्मिता के साथ प्रतिदिन सरेआम खिलवाड़ होने लगा है ।
जटायु से हुए युद्ध ने रावण की सारी शक्ति निचोड़ ली थी । उसने पुष्पक को तेज़ी से लंका की ओर उड़ने का आदेश दिया । दुष्ट के चंगुल में फँसी सीता छूटने का प्रयास कर रही है । नीचे एक पर्वत पर बैठे वानर समूह को देखकर उसने अपने आभूषण और वस्त्रादि डाल दिए, इस आशा के साथ कि मेरे स्वामी मेरी खोज में संभवतः इधर आ जाए और उन्हें कुछ संकेत मिल जाए । वानर समूह ने जब एक राक्षस द्वारा जबरन एक नारी को ले जाते देखा तो कुछ करने के लिए स्वयं को असहाय समझा । उन्होंने दो ही कार्य किए । एक तो ध्यान से उस विमान के उड़ान की दिशा को देखा और दूसरा विमान से डाले गए आभूषण वस्त्रादि को सुरक्षित रखा ।
समुद्र को लांघता हुआ पुष्पक विमान रावण के राज्य में पहुंच गया । एक तो नलकूबर का शाप और दूसरा मंदोदरी के रहते सीता को वह अपने महल में रख नहीं सकता था । उसने सीता को अशोक वाटिका में एक वृक्ष के नीचे ठहरा दिया । साथ ही उसकी रक्षा और देखभाल करने के लिए त्रिजटा नामक राक्षसी के नेतृत्व में एक दल को नियुक्त कर दिया । त्रिजटा को आदेश दिया गया - सीता को रावण से विवाह करने के लिए सहमत करने का प्रयास करे ।
त्रिजटा विभीषण की पुत्री थी । वह भी अपने पिता की तरह ही परमात्मा की भक्ति में लीन रहती थी । अशोक वाटिका में यही एक मात्र असुर स्त्री थी जो सीता को आश्वस्त करती रहती थी कि एक दिन रावण को मारकर श्रीराम अवश्य ही विजयी होंगे और जानकी सहित अयोध्या को लौटेंगे ।
क्रमशः
प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल
।। हरिः शरणम् ।।
No comments:
Post a Comment