सम्भवामि युगे युगे -69
नलकूबर के श्राप के कारण वह सीता को छू नहीं सकता था क्योंकि परनारी का स्पर्श करने पर उसकी मृत्यु अवश्यंभावी थी । नारी देह का आकर्षण और बहिन के अपमान का प्रतिशोध उसको सीताहरण को विवश कर रहा था । इसलिए अपनी योजना को मूर्त रूप देने के लिए रावण ने पंचवटी की भूमि को अपने हाथों से नीचे एक योजन (लगभग आठ किमी) तक और एक योजन (चार किमी) की परिधि में खोद डाला । भूमि के इस टुकड़े को (जिस पर सीता थी) उसने उठाकर जस का तस पुष्पक विमान में रख लिया । (संदर्भ - आरण्यकाण्ड कम्ब रामायण ) ।
यह देखकर सीता भयातुर हो गई और विलाप करने लगी । उसने रावण को विमान रोककर श्रीराम की प्रतीक्षा करने को कहा परन्तु रावण कब रूकने वाला था ? श्रीराम का उपहास करते हुए कहा कि वह उस जैसे दुर्बल शरीर वाले मनुष्य से युद्ध करना अपना अपमान समझता है । सीता ने व्यंग्य किया - ‘तो क्या तुम्हें परस्त्री का हरण कर लेना श्रेयस्कर लगता है ?’
जिन्होंने भी राम-कथा का चित्रण किया है, सबने अपनी श्रद्धा को कैनवास पर उतारा है । लेखक जिस दृष्टि से आराध्य को देखता है, जैसी उसके जीवन की कल्पना करता है, उसका वैसा ही चित्रण करता है । श्रीराम के प्रति श्रद्धा-भाव उनमें कूटकूट कर भरा रहता है । किसी एक ग्रन्थ के अनुसार चलना तो लकीर का फ़क़ीर होना है । यदि ‘रामायण’ को ही कागज पर उतारना होता तो तुलसी कभी भी ‘मानस’ की रचना नहीं कर पाते । अगर करते तो वह मात्र वाल्मीकि रामायण की ही नक़ल होती, प्रसिद्धि नहीं पा सकती थी ।
चलिए ! प्रचलन में जो कथा है, उसके साथ आगे बढ़ते हैं ।
साधु वेशधारी रावण के पैर काँप रहे हैं । जब मन में चोर बैठा हो तो बलशाली रावण भी सीता जैसी सती नारी के हाथ लगाते हुए डरता है । कुछ हिम्मत जुटाकर ‘ॐ नमः शिवाय ॐ नमः शिवाय ‘ बोलता हुआ कुटिया के द्वार पर आ पहुंचा । सीता को घेरती लक्ष्मण द्वारा खिंची गई रेखा देखकर पांव रुक गए । अपना भिक्षापात्र सामने करता हुआ बोला - भिक्षाम् देहि । साधु को अपने द्वार पर खड़ा देखकर व्यथित सीता कुछ देर के लिए संभली । एक दृष्टि साधु पर डालकर फल लेने कुटिया के भीतर गई ।
क्रमशः
प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल
।। हरिः शरणम् ।।
No comments:
Post a Comment