Monday, November 9, 2026

सम्भवामि युगे युगे -68

 सम्भवामि युगे युगे -68

           अपने तीर की नोक को सुरक्षा-कवच से अभिमंत्रित किया और कुटिया के सामने सीता को घेरते हुए एक रेखा खींच दी और बोले -‘माते ! चाहे कैसी भी परिस्थिति आए, आपको इस रेखा को लांघना नहीं है ।’ ऐसा कहकर अपना तीर-कमान सम्भालते हुए लक्ष्मण उसी दिशा की ओर बड़ी तेज़ी से दौड़ पड़े जिधर मृगया के लिए भगवान गए थे । सारे घटनाक्रम को पेड़ों के झुरमुट में छिपा रावण देख रहा है । उसकी हिम्मत नहीं हो रही है, आश्रम की ओर बढ़ने की । चोरी करना कोई सरल कार्य नहीं है । हिम्मत चाहिए, उसके लिए भी । फिर एक ज्ञानी के लिए चोरी करने की हिम्मत जुटाना भी कोई हंसी-खेल नहीं है । ‘इस रूप में जाना उचित नहीं है’ ऐसा सोचकर रावण ने साधु का वेश बना लिया और भिक्षा लेने के लिए कुटिया के द्वार पर आ गया जहां व्यथित सीता अपने पति की सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा में अकेली खड़ी है ।

            रावण सीता का हरण करने आ तो गया परन्तु वह भय से काँप रहा था । उसे नलकुबर का वह श्राप स्मरण हो आया जिसके अनुसार वह जबरन किसी नारी का स्पर्श नहीं कर सकता था । नलकूबर रावण के सौतेले भाई कुबेर के पुत्र थे । इस सम्बन्ध से वे रावण के भतीजे हुए । स्वर्ग की अप्सरा रम्भा नलकूबर से मिलने जा रही थी । रास्ते में उसका सामना हो गया, रावण से । रावण ने उसे पकड़ लिया । रम्भा ने कहा कि वह नलकूबर से मिलने जा रही है, इस नाते वह आपकी पुत्रवधू के समान है । उसने रावण से छोड़ देने की प्रार्थना की, लेकिन रावण माना नहीं । उसने रम्भा के साथ …….। 

         दुःखी रम्भा रोती हुई नलकूबर के पास गई और सारी घटना बताई । नलकूबर ने रावण को शाप दिया कि भविष्य में किसी भी अनिच्छुक स्त्री के साथ बलपूर्वक संबंध बनाने का प्रयास किया अथवा छूने का भी प्रयास किया तो उसका सिर फट जाएगा । (वाल्मीकि रामायण - उत्तराकाण्ड-सर्ग 26/55-57) ।

क्रमशः 

प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल

।। हरिः शरणम् ।।

No comments:

Post a Comment