Tuesday, April 21, 2026

ज्ञान उदय जब होत है.....2

 ज्ञान उदय जब होत है …..2

            प्रकृति के गुण ही कर्म कराते हैं । इन गुणों के वशीभूत होकर मनुष्य कर्म करने को विवश होता है, इसलिए कर्मों से पलायन करना सम्भव ही नहीं है । फिर भी कभी-कभी मनुष्य परिस्थितियों से डर कर कर्म छोड़ने की सोचता अवश्य है । कितना ही विचार कर लें, आप कर्मों को करने से कभी भी मुक्त नहीं हो सकते ।

             कर्म करने से मुक्त होने का अर्थ है एक ऐसी व्यवस्था को चुनौती देना जिससे पार जाने के लिए कर्म के अतिरिक्त दूसरा कोई साधन है ही नहीं क्योंकि कर्म न करना भी एक कर्म है । जैसे क्रोध आने पर आप क्रोधित करने वाले पर हाथ उठा सकते हैं, साथ ही हाथ को उठने से रोक भी सकते हैं । हाथ उठाना और हाथ को उठने से रोकना, दोनों ही कर्म हैं । इसी प्रकार कर्म करना और कर्म से भाग जाना, दोनों ही कर्म हैं और दोनों का फल मिलना भी निश्चित है । 

       कर्मों से पिण्ड छुड़ाकर जाने वाले को भी उन्हीं कर्मों के साम्राज्य में लौटकर पुनः कर्म करने को विवश होना पड़ता है । इसलिए परिस्थितियों से घबराकर संसार से पलायन करना उचित नहीं है बल्कि उस राह को खोजना चाहिए जो आपसे कर्म कराते हुए उन परिस्थितियों से आपको मुक्त कर सके जिनसे आप प्रभावित हो रहे हैं ।

         अर्जुन भी तो युद्ध मैदान में बनी प्रतिकूल परिस्थिति (पारिवारिक मोह ) से डर कर क्षात्र-धर्म से विमुख हो रहा था । महाभारत युद्ध के प्रारम्भ होने से पूर्व ही अर्जुन मोहग्रस्त होकर विषाद करने लग गया था क्योंकि सामने पितामह भीष्म थे, जिनकी गोद में उसका बचपन बीता था; सामने गुरु द्रोणाचार्य थे, जिन्होंने उसे धनुर्विद्या सिखाई थी । ऐसे में भला वह उनसे युद्ध कैसे कर सकता था ? तब उसके सखा कृष्ण ने उसको बहुत प्रकार से समझाया था । 

क्रमशः 

प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल

।। हरिः शरणम् ।।

No comments:

Post a Comment