Monday, March 30, 2026

ज्ञान - बन्धन या मुक्ति

 ज्ञान - बंधन या मुक्ति 

        ज्ञान एक ऐसा शब्द है जो अपनी उपस्थिति, अभिव्यक्ति तथा आचरण के अनुसार अपना अर्थ बदलता रहता है । यही कारण है कि अज्ञान का अर्थ ज्ञान की अनुपस्थिति नहीं है बल्कि विपरीत ज्ञान होने को अज्ञान कहा जाता है । अज्ञान का अस्तित्व ज्ञान पर ही टिका है अन्यथा अज्ञान का स्वयं का कोई स्वतन्त्र अस्तित्व नहीं है । यह ठीक ऐसे ही है जैसे अंधकार स्वयं का कोई स्वतंत्र अस्तित्व नहीं है बल्कि उसका अस्तित्व प्रकाश पर टिका होता है ।

        वास्तविक ज्ञान वह है, जो मुक्ति का साधन बनता है और वह साधन तभी बनता है जब उसको आचरण में लाते हुए जीवन को उसी अनुरूप बनाया जाए । आचरण में लाया ज्ञान स्वयं बोलता है, व्यक्ति को बोलने की ज़रूरत नहीं होती । बिना उपयोग में लाए ज्ञान को बोझ कहा गया है । उपयोग में लाया ज्ञान कहें अथवा ज्ञान का सदुपयोग करना कहें, दोनों एक ही बात है । ऐसा सदुपयोग किया ज्ञान ही विवेक कहलाता है ।

   ज्ञान सभी जीवों में जन्मजात होता है फिर भी कुछ जीवनभर अज्ञानी बने रह जाते हैं और कोई कोई एक ज्ञानी हो जाता है । आइए ! जानते हैं कि ज्ञान बंधन नहीं है बल्कि मुक्ति का साधन है । हम इस ज्ञान को विवेक बनाकर कैसे उपयोग में ले सकते हैं, यह हमारे ऊपर निर्भर है ।

        ज्ञान और विवेक, दोनों पर्यायवाची शब्द कहे जाते हैं, जिनको समान अर्थ के रूप में लिया जाता है । सत्य तो यह है कि दो शब्द समान अर्थ से प्रतीत होते हुए भी समान नहीं हैं । शब्दों का एक समान अर्थ होते हुए भी स्थानानुसार अलग-अलग शब्द उपयोग में लिए जाते हैं । उदाहरणार्थ - पानी और जल समानार्थी हैं परंतु स्थान के अनुसार इनका अलग अलग उपयोग किया जाता है । जैसे पानी पिया जाता है और जल शिवलिंग पर चढ़ाया जाता है । ज्ञान और विवेक भी ऐसे ही दो शब्द हैं । ज्ञान प्रत्येक को है परंतु विवेक किसी किसी में होता है । ज्ञान शास्त्र पढ़कर, उन्हें कंठस्थ कर व्यक्त किया जा सकता है परंतु उपयोग में लिए बिना ऐसा ज्ञान केवल तोता-रटन्त के अतिरिक्त कुछ भी नहीं है । ज्ञान का सदुपयोग करना विवेक कहलाता है । ज्ञान यदि कोरा और किताबी है तो वह बँधनकारी है । जो ज्ञान व्यक्ति को मुक्त करदे वही वास्तविक ज्ञान (विवेक) है ।

“सा विद्या या विमुक्तये - ज्ञान वही है जो मनुष्य को मुक्त कर दे ।” (विष्णु पुराण - 1/19/41)

            जिसने ज्ञान का उपयोग नहीं किया वह बद्धज्ञानी है और जिसने इसका सदुपयोग कर लिया वह मुक्तज्ञानी है । बद्धज्ञानी बातें तो लम्बी लंबी करेगा लेकिन उसका मुक्ति से कोई सम्बन्ध नहीं होगा । मुक्तज्ञानी अव्वल तो बोलेगा ही नहीं और यदि बोला भी तो उसकी वाणी ब्रह्मज्ञान तक ले जाने वाली होगी क्योंकि उसने ज्ञान को जीया है, रटा नहीं । 

          आधुनिक विज्ञान की कई पुस्तकें हैं फिर भी शिष्य को शिक्षक के मार्गदर्शन में प्रयोगशाला में उन पुस्तकों में समाहित ज्ञान को सिद्ध करना होता है । उदाहरणार्थ - रसायन विज्ञान में हाइड्रोजन गैस बनाने की विधि लिखी है कि जस्ते ( Zinc) के टुकड़े पर जब कोई भी अम्ल (Acid) डाला जाता है तो हाइड्रोजन गैस बनती है । जिस विद्यार्थी ने प्रयोगशाला में अपने हाथों से इस ज्ञान को सिद्ध कर लिया वास्तव में केवल उसी ने उस विधिक ज्ञान को अनुभव किया है । 

            पूर्वकाल में हमारे गुरुकुल शास्त्रीय ज्ञान को अनुभव कराने की प्रयोगशाला हुआ करते थे जहां हमारे ऋषिगण अपने शिष्यों को ज्ञान का अनुभव कराते थे । दुर्भाग्य से आज गुरुकुल लगभग समाप्त हो गए हैं । इसका परिणाम यह हुआ कि शास्त्रों को कथा बनाकर कहने वालों की तो भीड़ बढ़ गई और उन शास्त्रों में समाहित ज्ञान को अनुभव करा सकने वाले ऋषियों का अकाल पड़ गया । 

       सत्य की खोज में सबसे बड़ी बाधा यह भ्रम है कि हम पहले से ही सबकुछ जानते हैं । सीखने और जानने में बड़ा अन्तर है । सीखना मात्र ज्ञान है और उस ज्ञान का अनुभव कर लेना जानना है । हरिः शरणम् आश्रम के आचार्य श्री गोविन्दराम जी शर्मा कहते हैं - “सीखे हुए ज्ञान में ही अनुभव छिपा हुआ है । खोज करें ।” यह खोज तभी होगी, जब उस सीखे हुए ज्ञान का जीवन में प्रयोग करेंगे । प्रयोग से ही उस ज्ञान की उपयोगिता सिद्ध होगी । सबके पास ज्ञान पर्याप्त है । उस ज्ञान को उपयोग में जो कोई ले लेता है, उसको आत्म-ज्ञान हो जाता है, वह सत्य तक पहुँच जाता है ।

          ज्ञान कहीं से उधार नहीं लेना पड़ता । हमारे भीतर ज्ञान पर्याप्त मात्रा में है जो अज्ञान से ढककर भीतर कहीं गहरे दबा पड़ा है । हम ज्ञान के नाम पर अज्ञान में जी रहे हैं । उस अज्ञान को ज्ञान कह देने से वह ज्ञान नहीं हो जाता । जब तक हम सीखे और सुने हुए ज्ञान को केवल किताबी बातें मानते रहेंगे, तब तक हमारा कल्याण नहीं हो सकता । उस ज्ञान के भीतर डुबकी लगाने से ही हमारा जीवन सुधरेगा अन्यथा केवल लच्छेदार बातें लिखते, कहते और सुनते ही रहेंगे ।

           कबीर कहते हैं -

               ब्राह्मण है गुरु जगत का, साधु का गुरु नाहीं ।

               उलझ उलझ कर मरि रह्या, चारिउ वेदा माहीं ।।

          ब्राह्मण ने चारों वेदों को पढ़ा है, उन्हें रट भी लिया हैं परंतु उन अनुसार उसने अपना जीवन नहीं बनाया है । वह अपने ज्ञान से संसार को प्रभावित कर सकता है परन्तु किसी साधु को नहीं । साधु ने भले ही वेद नहीं पढ़े हों, फिर भी उसका सहज जीवन ब्राह्मण के ज्ञान से भी बहुत ऊँचा है । इसलिए ज्ञान को केवल पढ़ने और रट लेने से कुछ नहीं होना है । यह केवल शास्त्रों में उलझ कर रह जाना है, इससे तो मुक्त नहीं हुआ जा सकता । मुक्त होने के लिए तो ज्ञान को जीना होता है ।

         प्राचीन काल में शास्त्रार्थ हुआ करते थे । ये शास्त्रार्थ ज्ञान में अनुभवसिद्ध पुरुषों के मध्य हुआ करते थे । इसका लाभ यह होता था कि शास्त्रार्थ में भाग लेने वालों के साथ-साथ श्रोताओं को भी इसका लाभ मिलता था । भारत में पुरुषों के साथ ही महिला दार्शनिकों तथा साध्वियों की भी एक लम्बी परंपरा रही है । गार्गी, मैत्रेयी, वाक्, घोषा, अपाला आदि इसके उदाहरण है । आज ज्ञान के प्रसंग में हम गार्गी और मैत्रेयी की बात करेंगे । गार्गी का पूरा नाम गार्गी वाचकन्वी है, वे गर्गवंशी ऋषि वचकन्व की पुत्री थी । इसी प्रकार मैत्रेयी ऋषि ‘मित्र’ की पुत्री और ऋषि याज्ञवल्क की पत्नी थी । दोनों ही ब्रह्मज्ञानी थी ।

          एक बार राजा जनक ने अपने यहाँ शास्त्रार्थ का आयोजन किया । उन्होंने राजद्वार पर सोने की मोहरों से मढ़े सींगों वाली एक सहस्र गाएं खड़ी कर दी और घोषणा कर दी कि जो भी शास्त्रार्थ में जीतेगा, वह इन गौओं को पाने का अधिकारी होगा । शास्त्रार्थ चल रहा था परन्तु अभी तक कोई निर्णय न हो सका था । सुबह से राजद्वार पर खड़ी गाएँ भूख-प्यास से थकने लगी थी । तभी ऋषि याज्ञवल्क्य जी का वहाँ आना हुआ । गौओं को ले जाने की शर्त सुनकर उन्होंने अपने शिष्यों को उन थकीहारी गौओं को हांककर अपने आश्रम ले जाने का आदेश दिया । इस बात का शास्त्रार्थ में उपस्थित कई लोगों ने विरोध किया । 

          याज्ञवल्क्य की बात का प्रतिकार करने के लिए विदुषी गार्गी सामने आई । उसने उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं याज्ञवल्क्य जी से कुछ प्रश्न करूँगी । यदि उन्होंने उन प्रश्नों के उत्तर दे दिए तो फिर इस सभा में उपस्थित कोई भी इनको नहीं हरा सकेगा और वे इन गायों को लेने के अधिकारी होंगे ।

            तत्पश्चात् गार्गी ने याज्ञवल्क्यजी से कई प्रश्न किए । इन प्रश्नोत्तरों का विस्तार से वर्णन बृहदारण्यक उपनिषद् में मिलता है । याज्ञवल्क्यजी से शास्त्रार्थ प्रारम्भ करते हुए गार्गी ने पूछा कि हे ऋषिवर ! क्या आप अपने को सबसे बड़ा ज्ञानी मानते हैं, जो आपने गायों को हांकने के लिए अपने शिष्यों को आदेश दे दिया ? याज्ञवल्क्य ने उत्तर देते हुए कहा कि मां ! मैं स्वयं को ज्ञानी नहीं मानता क्योंकि ‘‘मैं सबसे बड़ा ज्ञानी हूँ” ऐसा कोई अज्ञानी ही कह सकता है । ये गौएँ सुबह से यहाँ खड़ी-खड़ी थककर परेशान हो गई हैं, इस कारण इन गायों को देखकर मेरे मन में मोह उत्पन्न हो गया है । उत्तर सुनकर गार्गी ने कहा कि आपको मोह हुआ, लेकिन इस पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए यह तो कोई योग्य कारण नहीं है । सभी सभासदों की आज्ञा हो तो मैं आपसे कुछ प्रश्न पूछना चाहूंगी । यदि आप इनके संतोषजनक जवाब दे पाएंगे तो आप इन गायों को निश्चित ही ले जा सकते हैं । 

            उपस्थित सभी सभासदों की सहमति मिलते ही गार्गी ने ऋषि याज्ञवल्क्य जी को संबोधित करते हुए प्रश्न पूछने प्रारंभ किए । गार्गी का प्रश्न: 'हे ऋषिवर ! जल के बारे में कहा जाता है कि हर पदार्थ इसमें घुलमिल जाता है तो यह जल स्वयं अंततः किसमें जाकर मिल जाता है ?’ गार्गी का यह पहला प्रश्न बहुत ही सरल था । याज्ञवल्क्यजी जैसे ज्ञानी से इतना सरल प्रश्न करना उनकी गरिमा के अनुकूल भी नहीं था फिर भी उन्होंने इसका उत्तर देते हुए कह दिया कि जल अन्तत: वायु में ओतप्रोत हो जाता है । तभी गार्गी ने पूछ लिया कि फिर वायु किसमें जाकर मिल जाती है और याज्ञवल्क्य का उत्तर था कि अंतरिक्ष लोक में ।

              गार्गी यहीं पर ही नहीं रूकी । वह याज्ञवल्क्य के द्वारा दिए गए प्रत्येक उत्तर को फिर से एक नए प्रश्न में बदलती गई और इस तरह गंधर्व लोक, आदित्य लोक, चन्द्रलोक, नक्षत्र लोक, देवलोक, इन्द्रलोक, प्रजापति लोक और यहाँ तक कि ब्रह्मलोक तक भी जा पहुंची और अन्त में गार्गी ने अति महत्वपूर्ण प्रश्न पूछ ही लिया कि यह ब्रह्मलोक किसमें जाकर मिल जाता है ?

            ब्रह्मलोक का न आदि है और न ही अन्त । ऐसा प्रश्न करना गार्गी की प्रतिभा के अनुसार उचित भी नहीं था । गार्गी पर क्रोधित होकर याज्ञवक्ल्य ने कहा, 'गार्गी, माति प्राक्षीर्मा ते मूर्धा व्यापप्त्त्’ अर्थात् गार्गी, इतने प्रश्न मत करो, कहीं ऐसा न हो कि इससे तुम्हारा मस्तक फट जाए । अच्छा वक्ता वही होता है जिसे पता होता है कि कब बोलना और कब चुप रहना है और गार्गी अच्छी वक्ता थी इसीलिए क्रोधित याज्ञवल्क्य की फटकार भी चुपचाप सुनती रही ।

       गार्गी को अपने प्रतिद्वन्द्वी यानी याज्ञवल्क्य से अब आगे केवल दो ही प्रश्न पूछने हैं । इस प्रकार उपरोक्त प्रश्न पूछते हुए गार्गी ने अगले प्रश्न के लिए बड़ी ही अच्छी भूमिका बांधी है ।

           गार्गी अब अपने दो प्रश्न पूछ रही है । 'ऋषिवर सुनो ! जिस प्रकार काशी या मिथिला का नरेश एक साथ दो अचूक बाणों को धनुष पर चढ़ाकर अपने दुश्मन पर लक्ष्य साधता है, वैसे ही मैं भी आपसे केवल दो ही प्रश्न पूछती हूँ ।’ गार्गी बड़ी ही आक्रामक मुद्रा में आ गई । याज्ञवल्क्य ने कहा- ‘हे गार्गी, जितने भी प्रश्न पूछने हैं, सब पूछ डालो ।’

           गार्गी ने एक साथ दो प्रश्न पूछ डाले - 'स्वर्गलोक से ऊपर जो कुछ भी है और पृथ्वी से नीचे जो कुछ भी है और इन दोनों के मध्य जो कुछ भी है - वह, तथा जो हो चुका है और जो अभी होना है, ये दोनों किसमें ओतप्रोत हैं ?'

           गार्गी का पहला प्रश्न 'स्पेस' (अंतरिक्ष) और दूसरा 'टाइम' (समय) के बारे था । स्पेस और टाइम के बाहर भी कुछ है क्या ? नहीं है, इसलिए गार्गी ने बाण की तरह पैने इन दो प्रश्नों के जरिए यह पूछ लिया कि सारा ब्रह्माण्ड किसके अधीन है ?

        याज्ञवल्क्य ने कहा- ‘एतस्य वा अक्षरस्य प्रशासने गार्गी।’ अर्थात् हे गार्गी ! कोई अक्षर, अविनाशी तत्व है जिसके प्रशासन में, अनुशासन में सभी कुछ ओतप्रोत है । गार्गी ने पूछा कि यह सारा ब्रह्माण्ड किसके अधीन है तो याज्ञवल्क्य का उत्तर था- अक्षर तत्व के । इस बार याज्ञवल्क्य ने उपस्थित सभासदों को अक्षरतत्व के बारे में विस्तार से समझाया ।

          इस बार गार्गी अपने प्रश्नों के जवाब से इतनी प्रभावित हुई कि जनक की राजसभा में उसने याज्ञवल्क्य को परम ब्रह्मिष्ठ मान लिया । इसके बाद गार्गी ने याज्ञवल्क्य की प्रशंसा कर अपनी बात खत्म की तो सभी ने माना कि गार्गी में जरा भी अहंकार नहीं है । गार्गी ने याज्ञवल्क्य को प्रणाम किया और सभा से विदा ली । गार्गी का उद्‍येश्य ऋषि याज्ञवल्क्य को हराना नहीं था बल्कि अपने ज्ञान में अभिवृद्धि करना था ।

         जैसे कि पहले ही कहा गया है कि गार्गी वेदज्ञ और ब्रह्मज्ञानी थी, वे सभी प्रश्नों के जवाब जानती थी । यहां इस कहानी को बताने का तात्पर्य यह है कि अर्जुन के प्रश्नों से जैसे श्रीमदभगवद्गीता अस्तित्व में आई वैसे ही गार्गी के प्रश्नों के कारण 'बृहदारण्यक उपनिषद्' के मंत्रों का निर्माण हुआ ।

          प्रस्तुत है गार्गी और याज्ञवल्क्य के मध्य हुए कुछ अन्य प्रश्न और उत्तर, संवाद रूप में, जिनका वर्णन बृहदारण्यक उपनिषद् में विस्तार से किया गया है । ये प्रश्न आत्म-बोध की यात्रा में एक गृहस्थ का मार्गदर्शन करते हैं । गार्गी पूछ रही है कि महात्मन् ! ऐसा माना जाता है, स्वयं को जानने के लिए, आत्म-बोध के लिए ब्रह्मचर्य अनिवार्य है परन्तु आप तो ब्रह्मचारी नहीं हैं । आप स्वयं के दो दो पत्नियां हैं । क्या ऐसा नहीं लगता कि आप एक अनुचित उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं ?

           प्रश्न का उत्तर देने के स्थान पर याज्ञवल्क्य जी गार्गी से ही प्रतिप्रश्न करते हैं, ‘गार्गी ! ब्रह्मचारी कौन होता है ?’ गार्गी कहती है कि ब्रह्मचारी वह है, जो परम सत्य की खोज में लगा है । ‘फिर तुम्हें ऐसा क्यों लगता है कि एक गृहस्थ परम सत्य तक नहीं पहुँच सकता ।’ याज्ञवल्क्य ने पूछा । गार्गी कहती है कि ब्रह्मचारी स्वतंत्र होता है और गृहस्थ बंधन में । केवल स्वतन्त्र ही परमसत्य की खोज कर सकता है । विवाह को तो बन्धन कहा जाता है । याज्ञवल्क्य फिर प्रश्न करते हैं, ‘ क्या विवाह बन्धन है ?’ गार्गी ने कहा -‘निःसंदेह’ क्योंकि वैवाहिक जीवन में व्यक्ति को औरों का भी ध्यान रखना पड़ता है । पहले पत्नी की चिंता, फिर संतान की चिंता । इस प्रकार सांसारिक चिंताओं से घिरे व्यक्ति को आत्म-चिंतन के लिए समय ही कहाँ मिल पाता है ऐसे में वह मुक्त कैसे हो पाएगा ?’ 

          याज्ञवल्क्यजी ने कुछ देर सोचा और गार्गी से फिर एक प्रश्न किया । ‘किसी की चिंता करना बन्धन है या प्रेम ?’ गार्गी को ऐसे प्रश्न की अपेक्षा नहीं थी । वह बोली - ‘प्रेम भी तो एक बन्धन है, महर्षि ।’ महर्षि ने कहा - ‘नहीं गार्गी, सच्चा प्रेम हो तो मुक्त कर देता है । जब प्रेम में स्वार्थ प्रबल हो जाता है तो वह बंधन बन जाता है । इसलिए समस्या प्रेम नहीं है बल्कि स्वार्थ पर आधारित प्रेम है ।” गार्गी ने कहा - ‘प्रेम सदा स्वार्थ पर ही आधारित होता है, महर्षि ।’

        “नहीं, ऐसी बात नहीं है, गार्गी । प्रेम से जब आकांक्षाएँ जुड़ने लगती है, तब स्वार्थ का जन्म होता है । जिस प्रेम में अपेक्षाएं न हो, जो प्रेम केवल देना जानता हो, केवल वही प्रेम मुक्त करता है ।” याज्ञवल्क्य ने गार्गी को स्पष्ट किया । गार्गी ने कहा - ‘सुनने में आपके शब्द प्रभावित अवश्य करते हैं महर्षि, परंतु क्या आप ऐसे निःस्वार्थ प्रेम का कोई उदाहरण दे सकते हैं ?’

     याज्ञवल्क्यजी कह रहे हैं, “आँखें खोलो गार्गी और देखो, यह सारा जगत् निःस्वार्थ प्रेम का जीता जागता प्रमाण ही तो है । सूर्य से किरणों के माध्यम से मिल रही ऊर्जा पृथ्वी पर जीवन उत्पन्न करती है । यह पृथ्वी सूर्य से कुछ माँगती है क्या ? यह तो सूर्य के प्रेम में खिलना जानती है । न ही सूर्य पृथ्वी पर अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास करता है और न ही बदले में पृथ्वी से कुछ चाहता है । सूर्य तो स्वयं को जलाकर समस्त संसार को जीवन देता है । यही निःस्वार्थ प्रेम है गार्गी ।” 

         याज्ञवल्क्य आगे कह रहे हैं - “सुनो गार्गी, प्रकृति और पुरुष की यह लीला उनके आपसी सच्चे प्रेम का प्रतिफल है । हम सभी उसी प्रकृति और पुरुष के निःस्वार्थ प्रेम से ही उत्पन्न हुए हैं, फिर सत्य को खोजने में कैसी बाधा ?” 

           इन उत्तरों को सुनकर गार्गी पूर्णतः संतुष्ट हो जाती है और कहती है, ‘मैं अपनी पराजय स्वीकार करती हूँ ।’ याज्ञवल्क्य कहते हैं “इसमें जय-पराजय की बात ही नहीं है गार्गी ! प्रश्न पूछने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए क्योंकि प्रश्न पूछे जाते हैं, तभी उत्तर सामने आते हैं, जिनसे यह संसार लाभान्वित होता है ।”

         प्रत्येक संवाद (वाद-विवाद नहीं) का अच्छा परिणाम निकल कर सामने आता है । इस शास्त्रार्थ से भी गार्गी और याज्ञवल्क्यजी, दोनों को लाभ हुआ । गार्गी से हुए शास्त्रार्थ के पश्चात् याज्ञवल्क्य जी अपने आश्रम पहुँच जाते हैं । उन्हें पूर्ण वैराग्य हो जाता है और वे समस्त सम्पति को अपनी दोनों पत्नियों में आधी-आधी बांटकर वन में प्रस्थान करना चाहते हैं । याज्ञवल्क्यजी के दो पत्नियाँ थीं - मैत्रेयी और कात्यायनी । मैत्रेयी ब्रह्मवादिनी थी, जिसने अपने पति के साथ बैठकर आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया था । मैत्रेयी ने सम्पति का मिला अपना आधा भाग भी कात्यायनी को दे दिया और कहा कि मैं भी वन में जाऊँगी क्योंकि वह जानती थी कि बृह्मविद्या के सामने भौतिक सुख-सम्पति सब तुच्छ है । वृहदारण्यक उपनिषद् में मैत्रेयी का अपने पति के साथ हुए रोचक संवाद का वर्णन भी मिलता है ।

        कात्यायनी तो एक सुशील गृहस्थ नारी थी, वह तो सम्पति पाकर संतुष्ट हो गई परंतु मैत्रेयी के भीतर संपत्ति और ब्रह्मज्ञान को लेकर बड़ा अंतर्द्वंद्व छिड़ गया । इस ऊहापोह में अटकी पत्नी को छोड़कर जब याज्ञवल्क्य वन को जाने लगे तो मैत्रेयी पूछ बैठी - ‘नाथ ! आपकी इस सम्पति की बात को छोड़ दीजिए, यदि मुझे सारे विश्व की सम्पति भी मिल जाए तो क्या मैं अमर हो सकती हूँ अर्थात् क्या मुझे उसको पाकर अमरता का अनुभव हो सकता है ?’ याज्ञवल्क्यजी का उत्तर था - ‘नहीं देवी, धन से अमरत्व प्राप्त नहीं होता ।’

            याज्ञवल्क्य कह रहे हैं - ‘पति, पत्नी, पुत्र, मित्र, धन आदि को हम इसलिए प्रिय मानते हैं क्योंकि उनसे हमें आत्मिक सुख मिलता है । जब हमें उनसे सुख मिलने की आशा समाप्त हो जाती है, उनसे प्रियता भी खो जाती है । इसका अर्थ है कि हम सर्वाधिक प्रेम स्वयं (आत्मा) से ही करते हैं । इसलिए केवल अपने आप (आत्मा) को ही जानने का प्रयास करो । आत्म-ज्ञान ही अमरत्व का एक मात्र मार्ग है । जब आत्मा का ज्ञान हो जाता है तो सब कुछ जान लिया जाता है । आत्म-ज्ञान से द्वैत भाव समाप्त हो जाता है, जैसे नमक जल में घुलकर अलग नहीं दिखता वैसे ही आत्मा ब्रह्म में एकाकार हो जाती है ।’

           मैत्रेयी इतना सब जानकार आत्म-ज्ञान को उपलब्ध हो गई और भौतिक सम्पति को तुच्छ समझकर अपने पति के साथ वन में चली गई । इससे सिद्ध होता है कि गृहस्थ जीवन में भी आत्म-ज्ञान को उपलब्ध हुआ जा सकता है । अतः गृहस्थ जीवन को बाधा न समझें बल्कि एक अच्छा अवसर जानें ।

           घर-संसार छोड़ देने से आत्म-ज्ञान हो ही जाएगा आवश्यक नहीं है परन्तु आत्म-ज्ञान हो जाने से घर-संसार स्वतः छूट जाएगा, यह पक्की बात है । इसका अर्थ है कि यदि गृहस्थ जीवन में रहते हुए ज्ञान का सदुपयोग किया जाए तो मुक्त हुआ जा सकता है । गृहस्थ जीवन में आसक्त होकर जीना ही बंधन है । प्राचीन समय में अनेकों ऋषि-मुनि भी गृहस्थ होते हुए भी अनासक्त होकर मुक्ति को उपलब्ध हुए हैं । गृहस्थ आश्रम केवल उन्हीं के लिए बन्धन है जो आपस में एक दूसरे से स्वार्थ के कारण बंधे हैं । जहां पर भी थोड़ी सी ठेस स्वार्थ की पूर्ति में लगती है कि परिस्थितियां बदल जाती है । इन परिस्थितियों के कारण ही जीवन-गाड़ी के दोनों पहिए आपसी संतुलन क़ायम नहीं रख पाते और गाड़ी लड़खड़ा जाती है ।

              प्रेम में समरसता होती है, स्वार्थ नहीं । जहां पर स्वार्थ आड़े आ जाता है, समरसता नहीं रह पाती और प्रेम खो जाता है । गृहस्थ जीवन में दोनों पक्षों की समरसता ही दोनों के भेद को समाप्त कर देती है जिससे उनके दो होने का अनुभव ही समाप्त हो जाता है । फिर वे दो होते हुए भी एक होना प्रतीत होते हैं । ऐसी समरसता तभी आ सकती है, जब जीवन में केवल किताबी ज्ञान को ही महत्व न मिले बल्कि उस ज्ञान के अनुसार अपना जीवन बना लें । ज्ञान को जीवन में उतार लेना ही विवेक है । विवेकपूर्ण जीवन ही व्यक्ति के कल्याण का मार्ग खोलता है । चाहे हम किसी भी आश्रम में यात्रा कर रहे हों, जीवन को विवेकपूर्ण ढंग से जीना ही आत्म-साक्षात्कार करा देता है ।             

                      विवेकपूर्ण गृहस्थ जीवन कोई बन्धन नहीं है । हमारे ऋषियों ने जीवन के जो चार भाग किए हैं, उन्हें आश्रम कहा जाता है - ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ और संन्यास । यदि हम अपना जीवन इन्हीं चार आश्रम की अवस्थाओं को ध्यान में रखकर जिएँ तो फिर कोई भी अवस्था हमें बांध नहीं सकती । समस्या तो तब पैदा होती है, जब हम गृहस्थ जीवन से मुक्त ही नहीं होना चाहते । गृहस्थ जीवन के प्रति ऐसी आसक्ति के कारण ही गृहस्थ जीवन को हेय दृष्टि से देखा जाने लगा है अन्यथा यह जीवन मुक्ति के लिए सबसे श्रेष्ठ माना गया है ।

          एक आश्रम से दूसरे आश्रम में प्रवेश करने के लिए द्वार को भीतर की ओर खोलना होता है । इसका अर्थ है, बाहर के संसार से भीतर की (आत्मा की) ओर गति करना । गृहस्थ से वानप्रस्थ आश्रम में प्रवेश करने के लिए हम इसके विपरीत, द्वार को बाहर की ओर खोलने का प्रयास करते हैं अर्थात् पुनः संसार की ओर गति करना चाहते हैं । यही हमारे जीवन की सबसे बड़ी भूल है ।

         गृहस्थ जीवन सदैव के लिए नहीं है, यह स्वीकार कर लेना सबसे महत्वपूर्ण है । इसमें ज्ञान की भूमिका बड़ी महत्वपूर्ण है जो हमें यह सिखलाता है कि गृहस्थी में रहते हुए कैसे जीना है ? प्रत्येक स्वार्थ से ऊपर उठकर, वास्तविक प्रेम के साथ, एक दूसरे के प्रति समर्पण भाव रखते हुए । यही नहीं, जब गृहस्थ जीवन त्यागने की अवस्था आए तब बिना किसी झिझक के मुक्त होकर वानप्रस्थ अवस्था में आ जाएं । इसके लिए कहीं घर छोड़ कर जाना ही आवश्यक नहीं है बल्कि घर में रहते हुए अनासक्त हो जाना है ।

       ज्ञान कभी बन्धन नहीं हो सकता, वह तो सदैव मुक्त करने वाला है । हम ज्ञान का किस प्रकार उपयोग करते हैं, यह महत्वपूर्ण है । एक दृष्टांत के माध्यम से अपनी बात स्पष्ट करता हूँ । एक ब्राह्मण था । वह अपने जीवनयापन के लिए भागवत-कथा किया करता था । ब्राह्मण की दयनीय अवस्था देखकर धनाढ्य लोग अपने घर पर उनसे भागवत-कथा करवाया करते थे । एक बार उस नगर के राजा ने भी ब्राह्मण को कथा के लिए बुलवा लिया । 

         भागवत-कथा सात दिन के लिए होती है । प्रतिदिन कथा समाप्त करने के पश्चात् ब्राह्मण राजा से पूछता - ‘महाराज ! कथा समझ में आई ?, राजा प्रत्युत्तर में कहता - ‘ब्राह्मण देवता, पहले आप ही समझ लें ।’ प्रतिदिन ऐसा ही होता रहा, ब्राह्मण का एक ही प्रश्न और राजा का भी वही उत्तर । ऐसा होते-होते छठा दिन भी बीत गया । रात्रि को ब्राह्मण ने राजा द्वारा कहे जा रहे शब्दों पर गंभीरता से विचार किया । भीतर एक बिजली सी कौंधी और तत्क्षण ही ब्राह्मण को कथा पूर्ण रूप से समझ में आ गई ।

         प्रातःकाल होते ही ब्राह्मण ने ब्राह्मणी को कुछ समझाया और राजा के यहाँ जाने के स्थान पर वन की और प्रस्थान कर गए । राजा ने ब्राह्मण का कुछ समय तक तो इंतज़ार किया फिर और अधिक देरी होती हुई देखकर अपने अधीनस्थों को ब्राह्मण को लिवा लाने के लिए भेजा ।

       राजा के अधीनस्थ जब ब्राह्मण के घर पहुँचे तो उन्हें वे कहीं दिखलाई नहीं दिए । तभी वहाँ ब्राह्मणी आ गई । उन्होंने ब्राह्मणी से पूछा कि आज ब्राह्मण देवता राजा के यहाँ कथा करने क्यों नहीं आए ? ब्राह्मणी ने उत्तर दिया कि वे तो कहीं बाहर गए है । जाते-जाते कहकर गए हैं कि उन्हें आज कथा समझ में आ गई है, इसलिए वे राजा के यहाँ अब कथा नहीं कर पाएंगे ।

          कहानी का मर्म है कि ज्ञान पुस्तकों में समाहित है । हम उसे पढ़ते हैं, सुनते-सुनाते हैं परंतु जीवन में उतारते नहीं है । ज्ञान को जीवन में उपयोग में लाने का नाम ही विवेक है । ज्ञान के अनुसार जीने से किसी भी परिस्थिति को आप संजीदगी से लेने लगते हैं । फिर आप विपरीत परिस्थिति में दुःखी होकर रोने नहीं बैठोगे और न ही अनुकूल परिस्थिति में ख़ुशी के मारे उछलने लगोगे ।

            शास्त्रों में समाहित ज्ञान को केवल पढ़कर सुना देना ही ज्ञान को प्रचारित करना नहीं है । ज्ञान को पहले स्वयं आचरण में लाएं और फिर उसका प्रचार करें । जब तक आपके स्वयं का जीवन ज्ञानमय नहीं होगा तब तक सुनने वाले आपके ज्ञान का अनुकरण नहीं करेंगे । वे एक कान से सुनेंगे और दूसरे कान से उस ज्ञान को बाहर निकाल फेंकेंगे ।

         एक और दृष्टान्त से स्पष्ट हो जाएगा कि ज्ञान मुक्ति का साधन है, बंधन नहीं है । एक पहुँचे हुए संत राजा के दरबार में पहुँचते हैं । राजा और राजगुरु उनका स्वागत करते हैं । राजा एकांत में संत से मिलते हैं और बताते है कि राजगुरु से प्रतिदिन मार्गदर्शन लेता हूँ फिर भी शांत जीवन और मुक्ति के अनुभव की कोई संभावना आस-पास तक नज़र नहीं आती । संत ने राजगुरु के जीवन से संबंधित कुछ प्रश्न राजा से किए और तत्काल ही वे समझ गए कि आखिर कमी कहाँ है ?

          उन्होंने राजा को आश्वस्त किया कि इसके पीछे जो भी कारण हैं, उनको कल दरबार में सबके सामने ही स्पष्ट करूँगा । इसके लिए आवश्यक है कि आप राजसिंहासन को कुछ समय के लिए मुझे सौंप दे और आपके सभी मातहत मेरी आज्ञा का पालन करे । राजा ने हामी भर ली और तुरंत ही अपने मंत्री को बुलाकर राज्य की व्यवस्था कुछ समय के लिए संत को सौंपने की व्यवस्था करने का आदेश दे दिया ।

       प्रातः दरबार लगा । राजसिंहासन पर राजा के स्थान पर संत विराजमान हुए । राजा अपने राजगुरु के पास साधारण दरबारी की भांति बैठ गए । राजसिंहासन के पास खड़े सेवक अब संत द्वारा आदेश देने की प्रतीक्षा करने लगे ।

        सन्त ने प्रथम आदेश दिया - ‘राजगुरु को राजसिंहासन के बायीं और स्थित खम्भे से बांध दिया जाय ।’ सेवक ने तत्काल ही आज्ञा का पालन किया और राजगुरु को खंभे से बांध दिया । राजगुरु ऐसे आदेश से हतप्रभ रह गये परन्तु विवश थे, क्या करते, बंध गए । संत का दूसरा आदेश - ‘राजा को राजसिंहासन के दाईं ओर स्थित खंभे से बांध दें ।’ सेवक तनिक सकुचाए परंतु राजा ने आदेश पालन करने का संकेत किया । राजा को भी दूसरे खंभे से बांध दिया गया ।

          संत ने राजगुरु को कहा कि आप अब राजा को खोल दीजिए । राजगुरु ने कहा कि मैं स्वयं बंधा हूँ, किसी दूसरे को कैसे खोल सकता हूँ ? संत राजा की और उन्मुख हुए और बोले - ‘राजन् ! यही आपके प्रश्न का उत्तर है । एक बंधा हुआ व्यक्ति किसी दूसरे बंधे हुए को कभी भी मुक्त नहीं कर सकता ।’ राजगुरु प्रतिदिन राजा को ज्ञान देता था परंतु उसके स्वयं का जीवन उस ज्ञान के अनुसार नहीं था । ज्ञान का प्रवचन देने से महत्वपूर्ण है ज्ञान के अनुसार आचरण । 

         संत ने तत्काल ही बंधे हुए दोनों को खोलने का आदेश दिया और राजा को सिंहासन सौंप दिया । राजा के और साथ ही राजगुरु के, दोनों के ही संत की बात समझ में आ गई । बस, हमें भी जीवन में संत की इसी बात को समझना है । मनुष्य जीवन की सबसे बड़ी विडम्बना यही है कि सब कुछ जानते हुए भी वह जानबूझकर उलझा हुआ है । जाने हुए को जीवन में लागू करना है, उपयोग में लाना है, फिर जितना भी (कम या अधिक) जाना हुआ है, मुक्ति का साधन बन जाएगा ।

           परमात्मा ने प्रत्येक जीव को बुद्धि दी है, जिसमें ज्ञान उपजता है । ऐसा नहीं है कि मनुष्य के अतिरिक्त अन्य जीवों में ज्ञान का अभाव होता है । अपने शरीर के भले-बुरे का ज्ञान तो प्रत्येक जीव को होता है । हाँ, मनुष्य के अतिरिक्त अन्य जीव इस ज्ञान को जीवन में विभिन्न स्तर पर उपयोग करना नहीं जानते । परिस्थिति, वातावरण और स्थान के अनुरूप बदल पाने की जो क्षमता ज्ञान के माध्यम से मनुष्य ने विकसित की है, वैसी क्षमता अन्य जीवों में देखने को नहीं मिलती ।

           आहार, निद्रा, भय और मैथुन में जन्म से ही प्रत्येक जीव लगा हुआ है । केवल बुद्धि में अग्रणी होने के कारण मनुष्य सब जीवों में विशिष्ट है । बुद्धि में उपजा ज्ञान ही मनुष्य को अन्य जीवों से अलग करता है । इस ज्ञान को महत्व न देने वाला मनुष्य पशु के समान ही माना जाता है । मनुष्य द्वारा ज्ञान का सदुपयोग करने से वह ज्ञान ही विवेक में परिवर्तित होता है । विवेक उसे आत्म-ज्ञान की अवस्था तक ले जाता है । आत्म-अनात्म का ज्ञान हो जाना ही आत्म-साक्षात्कार (realization) कहलाता है ।

           आत्म-अनात्म का ज्ञान हो जाने से मनुष्य अपने आपको संसार से मुक्त अनुभव करता है । संसार से मुक्ति का अनुभव उसे परमात्मा की ओर अग्रसर कर देता है । इसलिए ज्ञान को संसार से मुक्ति और परमात्मा की प्राप्ति का साधन बताया गया है । प्रश्न उठता है कि मनुष्य आत्म-ज्ञान की अवस्था तक कैसे पहुंच सकता है ? 

           आत्म-ज्ञान की अवस्था तक पहुंचने के कई रास्ते हैं, अपने स्वभाव के अनुसार हम उन साधनों का उपयोग कर सकते हैं । आइए ! संक्षेप से उन साधनों के बारे में जानते हैं ।

शास्त्र-अध्ययन - सनातन धर्म शास्त्रों में सांसारिक और आध्यात्मिक ज्ञान का विस्तृत विवेचन उपलब्ध है । उनके अध्ययन से आत्म-ज्ञान की राह पर अग्रसर होने की प्रेरणा मिलती है । 

आत्म-विचार - शास्त्र-अध्ययन से उत्पन्न हुए विचारों और भावनाओं का विश्लेषण करना ।

आत्म-निरीक्षण - आत्म-विचार के अनुरूप जीवन में परिवर्तन हो रहा है अथवा नहीं, इस बात का बराबर निरीक्षण करते रहना ।

ध्यान - मैं शरीर नहीं हूँ तो फिर “मैं कौन हूँ” इसको ध्यान के माध्यम से जानने का प्रयास करना ।

गुरु की शरण - शास्त्रों में समाहित ज्ञान की व्याख्या वही कर सकता है, जिसने उस ज्ञान का अपने जीवन में उपयोग करते हुए उसका अनुभव किया है । वह व्यक्ति है - गुरु । गुरु शरीर नहीं है बल्कि गुरु वह अवस्था है जो शारीरिक स्तर से परे उस परमात्मा के स्तर तक पहुँच चुका है । गुरु आपको संकेत से उस मार्ग को बता सकता है, जिस पर चलकर वह परमात्मा तक पहुंचा है । चलना आपको ही है क्योंकि आत्म-ज्ञान की यात्रा आपकी व्यक्तिगत यात्रा है । इस यात्रा को गुरु पहले ही पूरी कर चुका है । 

             गुरु की शरण, आत्म-ज्ञान को उपलब्ध होने का सर्वोत्तम साधन है । परन्तु गुरु से ज्ञान प्राप्त कर उसको केवल वाणी और लेखनी के माध्यम से प्रस्तुत करते रहने से भी कुछ नहीं होना है । आवश्यक है कि गुरु-प्रदत्त ज्ञान को हम अपने जीवन में उतारें । ज्ञान जीवन में कितना उतरा है, इसको हम निम्न बातों के माध्यम से जान सकते हैं -

नैतिक जीवन - ज्ञान के अनुसार जीने पर हमारे जीवन में नैतिकता आती है । नैतिकता का अर्थ है - सत्य, अहिंसा और करुणा के मार्ग पर चलना । जिसके जीवन में नैतिकता नहीं है, उसका जीवन ज्ञान होने के पश्चात् भी मूल्यहीन है । 

वैराग्य - ज्ञान हो जाने पर संसार से मोह समाप्त हो जाता है और व्यक्ति वैराग्य को उपलब्ध हो जाता है । शरीर और संसार का निरंतर त्याग हो रहा है । आप चाहकर भी उनको बदलने से नहीं रोक सकते । ज्ञान इस बदलने को स्वीकार करता है, जिससे मनुष्य संसार और शरीर से मुक्त हो जाता है ।

प्रेम और भक्ति - ज्ञान से जब संसार और शरीर मूल्यहीन हो जाते हैं तब परमात्मा के प्रति प्रेम और भक्ति का उदय होता है । मनुष्य जीवन का उद्देश्य भी यही है कि वह अपने वास्तविक स्वरूप को पहिचाने जोकि परमात्मा का स्वरूप ही है अर्थात् सच्चिदानंद स्वरूप । स्वरूप तक पहुंचने की राह प्रेम और भक्ति से ही निकलती है ।

          इतने विवेचन से स्पष्ट है कि ज्ञान मुक्ति का मार्ग है । ज्ञान को प्राप्त करने के उपरान्त भी संसार में आसक्त बने रहना बंधन है । बन्धन से मुक्त न करने वाला ज्ञान, ज्ञान न होकर अज्ञान है । मुक्ति के लिए आवश्यक है कि हम ज्ञान के अनुसार अपना जीवन बनाएं ।

सार-संक्षेप

        सीखे और सुने हुए ज्ञान की क़ीमत दो कौड़ी की नहीं है । ज्ञान के मात्र दो शब्द जब विवेक बनकर जीवन में उतरते हैं तब वह जीवन भी अनमोल बन जाता है । आज इस संसार में सभी लोग एक दूसरे को ज्ञान बांट रहे हैं परन्तु एक भी व्यक्ति उस ज्ञान के अनुसार जी नहीं रहा है । सब ज्ञान देकर एक दूसरे को बदलने में लगे है, परंतु स्वयं को बदलना नहीं चाहते । मित्र, अपने मित्र को बदलना चाहता है और पति अपनी पत्नी को । ऐसा ज्ञान बंधन है, बोझ है । 

         ऋषि याज्ञवल्क्य और गार्गी के मध्य हुआ संवाद वास्तविक ज्ञान को स्पष्ट करता है । उन्होंने ज्ञान को अपने जीवन में उतारा है, साथ ही ज्ञान से ब्रह्म को भी जाना है । याज्ञवल्क्य ऋषि के गृहस्थ जीवन में दो-दो पत्नियों के होते हुए भी जो समरसता दिखलाई पड़ती है, उसके पीछे उच्च कोटि के ज्ञान के अनुसार उनका जीना ही है । ज्ञान जब विवेक बन जाता है, तब व्यक्ति के जीवन में अशांति का प्रवेश हो ही नहीं सकता । ज्ञान को विवेक में परिवर्तित करने के लिए सत्संग आवश्यक है । गोस्वामीजी मानस में लिखते हैं - 

बिनु सतसंग बिबेक न होई । रामकृपा बिनु सुलभ न सोई ।।

होइ बिबेकु मोह भ्रम भागा । तब रघुनाथ चरन अनुरागा ।।

       अन्त में मैं आचार्यजी द्वारा कहे गए शब्दों का पुनः स्मरण करना चाहूँगा । वे कहते हैं - “सीखे हुए ज्ञान में ही अनुभव छिपा हुआ है । खोज करें ।” खोज तभी होगी, जब उस ज्ञान का जीवन में प्रयोग करेंगे । प्रयोग से ही उस ज्ञान की उपयोगिता सिद्ध होगी । ज्ञान को आत्मसात् करने के लिए परमात्मा की कृपा मानकर सत्संग कीजिए । फिर संसार से आसक्ति परमात्मा के प्रति अनुरक्ति में परिवर्तित हो जाएगी । ऐसा ज्ञान बंधन नहीं है बल्कि मुक्ति का साधन है ।

पुनश्च 

प्रश्न आया है कि आप ज्ञान को इतना अधिक महत्व दे रहे हैं जबकि भक्ति को सर्वोत्तम बताया जाता है। ऐसा क्यों ?

   आपका कहना सही है, मेरा भी यही मानना है कि सर्वोत्तम तो भक्ति ही है । ज्ञान और भक्ति, दोनों साथ हों तो सोने पर सुहागा है । अज्ञान हो तो न तो भक्ति सिद्ध हो सकती है और न ही कर्मयोग सिद्ध हो सकता है । ज्ञान और कर्म, दोनों लौकिक हैं जबकि भक्ति पारलौकिक है । भक्ति स्वयमेव ज्ञान को उपलब्ध करा देती है परन्तु वह ज्ञान तात्विक ज्ञान है । तात्विक ज्ञान तक पहुंचने के लिए सबसे पहले परमात्मा के अस्तित्व की स्वीकार्यता आवश्यक है । ऐसी स्वीकार्यता आधारभूत ज्ञान के बिना होना सम्भव नहीं है । आधारभूत ज्ञान से अज्ञान मिटता है । स्वामीजी कहते हैं कि तत्त्वज्ञान होता नहीं है बल्कि अज्ञान मिटता है । ज्ञान उत्पन्न होने वाली और मिटने वाली वस्तु नहीं है, वह तो जन्मजात सबमें होता है । बस, यह अज्ञान से ढका रहने से अनुभव में नहीं आता है । 

      यही कारण है कि मैं आधारभूत ज्ञान होने पर जोर देता हूँ न कि ज्ञान को भक्ति पर वरीयता देता हूँ । भक्ति ही परमात्मा के दर्शन कराती है, कर्म और ज्ञान तो उसकी संतान होने के कारण उसकी सहयोगी है ।

     प्रारम्भिक स्तर पर ज्ञान का महत्व अधिक है क्योंकि ज्ञान से ही अनुभव होता है कि कर्म निष्काम कैसे हो सकते हैं । ज्ञान से ही एक सर्वोच्च सत्ता के होने के बारे में अनुभव होता है । ज्ञान होने से ही कर्मयोग और भक्तियोग सिद्ध होने की राह आसान हो जाती है। भक्ति बिना समर्पण के सिद्ध नहीं होती और समर्पण बिना ज्ञान के नहीं हो सकता । समर्पण को केवल क्रिया मात्र मान लेंगे तो यह दिखावा तो हो सकता है, परन्तु हम असमर्पित ही रह जाएंगे । ज्ञानपूर्वक किया गया समर्पण ही वास्तव में भक्ति है ।

।। हरिः शरणम् ।।

प्रस्तुति - डॉ. प्रकाश काछवाल

No comments:

Post a Comment