Wednesday, December 24, 2014

कर्म-योग |-7

          सभी कर्म जो इन्द्रियों द्वारा किये जाते हैं, उन सब कर्मों में भूमिका जड़ तत्वों की होती है |चेतन तत्व-आत्मा की इन कर्मों में किसी भी प्रकार की भूमिका नहीं होती है |गीता में भगवान 13 वें अध्याय, क्षेत्र क्षेत्रज्ञ विभाग योग नामक अध्याय में एकदम स्पष्ट करते हैं| वे अर्जुन को कहते हैं -                   
             अनादित्वान्निर्गुणत्वात्परमात्मायमव्ययः |                                               
 शरीरस्थोपि कौन्तेय न करोति न लिप्यते || गीता 13/31||
                            अर्थात् हे कुन्तीनन्दन ! यह पुरुष (चेतन, आत्मा) अनादि होने से और गुणों से रहित होने से अविनाशी परमात्मा स्वरूप ही है | यह शरीर में रहता हुआ भी न करता है और न ही लिप्त होता है |                       
                  यहाँ परमात्मा श्री कृष्ण स्पष्ट करते हुए कहते हैं कि आत्मा इस भौतिक शरीर में रहते हुए कर्मों को न तो करता है और न ही कर्मों में लिप्त होता है |आप आत्मा है, शरीर नहीं है |इस प्रकार आप न तो कर्म कर सकते हैं और न ही कर्मों में लिप्त हो सकते हैं | कर्ता तो जड़ तत्व, यह शरीर है ,ऐसे में चेतन तत्व यानि आत्मा कर्ता कैसे हो सकती है ? आप आत्मा हैं, शरीर नहीं है ,ऐसे में आप कर्ता हो ही नहीं सकते |

                अब प्रश्न यही उठता है कि जब व्यक्ति कर्ता नहीं है तो फिर उसे कर्म करने की स्वतंत्रता कैसे है ? कर्म करने की स्वतंत्रता में प्रकृति के शेष बचे तीन तत्वों यानि मन, बुद्धि और अहंकार की भूमिका होती है |उपरोक्त तीन तत्व केवल मनुष्य नाम के प्राणी के शरीर में ही उपस्थित होते हैं, अन्य किसी भी प्राणी में नहीं |यही कारण है कि अन्य सभी प्राणी केवल भोग-कर्म ही कर सकते हैं जबकि मनुष्य भोग-कर्म के साथ साथ योग-कर्म भी कर सकता है |इसीलिए मनुष्य की योनि को भोग योनि के साथ साथ योग-योनि या कर्म-योनि भी कहा जाता है जबकि अन्य प्राणियों की योनि को केवल भोग-योनि कहा जाता है |
                 लेकिन यह कर्म करने की स्वतंत्रता भी सम्पूर्ण स्वतंत्रता नहीं है | जैसा कि भगवान श्री कृष्ण गीता में बार बार अर्जुन को यही समझाते हैं कि तू कौन होता है युद्ध करने वाला या युद्ध न करने वाला ? जब युद्ध भूमि कुरुक्षेत्र में अर्जुन ने ,अपने और दुर्योधन ,दोनों ही पक्षों में अपने सगे-सम्बन्धियों, परिवारजनों और मित्रों को देखा तब उसे लगा कि इस युद्ध में जीत चाहे किसी की भी हो, मरने वाले तो उसके अपने ही होंगे |ऐसा विचार कर उसने हथियार डाल दिए और युद्ध से पलायन की बात करने लगा | अगर कर्म करने की पूर्ण स्वतंत्रता मनुष्य को होती तो अर्जुन कभी का युद्ध भूमि छोड़ भाग खड़ा होता |परन्तु श्री कृष्ण ने उसे समझाया कि युद्ध करने या न करने का निर्णय तू स्वयं कर ही नहीं सकता क्योंकि कर्म मनुष्य प्रकृति के गुणों के वश में होकर करता है अर्थात मनुष्य कर्म करने के लिए स्वतन्त्र तो है परन्तु उसके द्वारा किये जाने वाले कर्म प्रकृति के गुणों के अधीन होते हैं | ऐसे में कहा जा सकता है कि मनुष्य को अपने जीवन में कर्म करने की स्वतंत्रता अवश्य है परन्तु प्रकृति के गुणों के वश में रहकर ही वह कर्म करेगा |
क्रमशः 
                   ॥ हरिः शरणम् ॥ 
 

Monday, December 22, 2014

कर्म-योग |-6

             जब इस शरीर में सभी कर्म प्रकृति के गुणों के कारण ही होते हैं अथवा किये जाते हैं ,तो फिर ऐसे कर्मों का कोई कर्ता कैसे हो सकता है ?इसी बात को और अच्छे तरीके से स्पष्ट करने का प्रयास करता हूँ | किसी भी व्यक्ति में तीन मूल तत्व उपस्थित होते हैं - भौतिक शरीर, मन और आत्मा | शरीर बनता हैं, पांच भौतिक तत्वों से, यथा -भूमि, आकाश, जल, वायु और अग्नि | पांच ज्ञानेन्द्रियाँ और पांच उनके विषय भी इन पञ्च भौतिक तत्वों का प्रतिनिधित्व करते हैं | भूमि से नाक और गंध, आकाश से कान और शब्द या ध्वनि, जल से जिह्वा और स्वाद ,अग्नि से आँख और दृष्टि तथा वायु से त्वचा और स्पर्श से/का ज्ञान |परन्तु इन पंद्रह तत्वों के बाद भी कर्म करने लिए पांच कर्मेन्द्रियाँ आवश्यक है |उपरोक्त बीस तत्वों के साथ जब मन, बुद्धि और अहंकार का तादात्म्य स्थापित होता है तब व्यक्ति कर्म करने की अवस्था को उपलब्ध होता है | इस प्रकार जब मनुष्य शरीर में उपरोक्त 23 जड़ तत्व इकट्ठे हो जाते हैं तब उसके कर्म करने की स्थिति में आने के लिए 24 वें तत्व के रूप में आत्मा का प्रवेश होता है |
                                          यह आत्मा ही चेतन तत्व है, जो किसी भी प्रकार का कोई कर्म नहीं करती है, जबकि कर्म करने वाले जो शेष 23 तत्व हैं, वे सभी जड़ तत्व है | कर्म जड़ तत्व करते हैं न कि चेतन तत्व | प्रारम्भिक 20 जड़ तत्वों (मन, बुद्धि और अहंकार को छोड़कर) का आधार पांच भौतिक तत्व ही हैं |इन पांच भौतिक तत्वों को प्रकृति में आप कर्म करते हुए साफ साफ देख सकते हैं |पृथ्वी या भूमि आपको सभी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साधन उपलब्ध करवाती है, यह उसका कर्म है |इससे उत्पन्न घ्रानेंद्रिय से आप गंध का अनुभव कर सकते हैं |जल के कर्म आप समुद्र में देख सकते है ,जिसमें सदैव ही लहरें उठती रहती है | इसके जल से भाप बनकर बादल उठते हैं जो दूरस्थ स्थानों पर जाकर बरसते हैं | इस बरसे जल से हमें भूख मिटाने के लिए अन्न और प्यास बुझाने के लिए जल प्राप्त होता है |जल का प्रतिनिधित्व करने वाली इन्द्रिय जीभ है, जिससे आप स्वाद का अनुभव कर सकते हैं | जीभ का कर्म स्वाद का ज्ञान करना है | वायु का कर्म है-बहना |जिसका स्पष्ट अनुभव आप इसका प्रतिनिधित्व करने वाली इन्द्रिय त्वचा से कर सकते हैं | त्वचा का कर्म है-स्पर्श का ज्ञान, छूकर किसी का अहसास कराना, जैसे ठंडा, गर्म, पतला, मोटा आदि |अग्नि का कर्म है-गर्मी और प्रकाश देना |इसका प्रतिनिधित्व करने वाली इन्द्रिय है नेत्र| नेत्रों से हम दृष्टि पाते है| इस प्रकार नेत्र का कर्म है-देखना | इसी प्रकार आकाश में हम शब्द या ध्वनि का अनुभव कर सकते हैं |आकाश का प्रतिनिधित्व करने वाली इन्द्रिय है-श्रवनेंद्रिय यानि कान | कानों से हमें आवाज और उसकी दिशा का ज्ञान प्राप्त होता है | 
क्रमशः 
                           || हरिः शरणम् ||

Sunday, December 21, 2014

कर्म-योग |-5

                       हमने कर्मों को दो भागों में विभाजित किया है |अगर गंभीरता से देखा जाये तो भोग-कर्म वास्तव में ऐसे कर्म है जिस पर करने वाले का किसी भी प्रकार से नियंत्रण नहीं है, जबकि योग-कर्म का नियंत्रण सदैव ही कर्ता के पास होता है और समस्त ब्रह्माण्ड में एक मात्र मनुष्य ही ऐसा प्राणी है जिसको अपने मन के अनुसार कर्म करने की स्वतंत्रता है और वह इसी के अनुरूप योग-कर्म करता भी है | अतः जहाँ पर भी और जिस किसी भी शास्त्र में कर्म नाम से जो भी उल्लेखित है, उन सबका तात्पर्य योग-कर्म से ही है | अतः इस श्रृंखला में आगे जहाँ भी कर्म शब्द का प्रयोग होगा ,उसका अभिप्राय योग-कर्म से ही होगा | यह सब कर्म मनुष्य एक कर्ता बन कर करता अवश्य है परन्तु वास्तव में वह इन कर्मों का कर्ता होता नहीं है |आप कहेंगे कि एक तरफ आप कह रहे हैं कि मनुष्य ही एक मात्र ऐसा प्राणी है जिसको कर्म करने की स्वतंत्रता है और दूसरी तरफ कहते हैं कि वह कर्ता नहीं है | ऐसा विरोधाभास क्यों ?              
                                   गीता में भगवान श्रीकृष्ण स्पष्ट करते हैं-                                                                                              प्रकृतेः क्रियमाणानि गुणै: कर्माणि सर्वशः ।                                                                                                 अहंकारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते I।3/27।।                
अर्थात् वास्तव में सम्पूर्ण कर्म सब प्रकार से प्रकृति के गुणों द्वारा किये जाते हैं तो भी जिसका अंतःकरण अहंकार से मोहित हो रहा है, ऐसा अज्ञानी ‘मैं कर्ता हूँ’ ऐसा मानता है |
क्रमशः
                                            || हरिः शरणम् ||

Friday, December 19, 2014

कर्म-योग |-4

भोग-कर्म और योग-कर्म के बारे में गीता में भगवान श्री कृष्ण कहते हैं-
                सदृशं चेष्टते स्वस्याः प्रकृतेर्ज्ञानवानपि |
                प्रकृतिं यान्ति भूतानि निग्रहः किं करिष्यति ||गीता 3/33||
अर्थात् सभी प्राणी प्रकृति को प्राप्त होते हैं अर्थात् अपने स्वभाव के परवश हुए कर्म करते हैं |ज्ञानवान भी प्रकृति के अनुसार चेष्टा करता है |फिर इसमें किसी का हठ क्या करेगा? 
      यहाँ भगवान स्पष्ट कहते हैं कि सभी प्राणी अपने स्वभाव के परवश हुए कर्म करते हैं |पूर्व मनुष्य जन्म में किये हुए कर्मों (योग-कर्मों) से उसके स्वभाव का निर्माण होता है | यही स्वभाव नए जन्म में उसके साथ रहता है |नए शरीर में प्राणी अपने उसी पूर्व-जन्म के स्वभाव के वश में रहता है |इस नए शरीर में वह चाहे कितना ही हठ करे ,वह स्वभाव के परवश हुए भोग-कर्म करेगा ही | उसके हठ के अनुरूप किसी भी प्रकार के कर्म हो ही नहीं सकते |ज्ञानवान भी इसी प्रकार अपनी प्रकृति के अनुसार कर्म करने का प्रयास  करता है |इस प्रयास से व्यक्ति भोग-कर्म के साथ साथ योग-कर्म कर सकता है |अगर कोई मनुष्य कर्म करने को अनुचित मान भी ले और कर्म न करने की ठान ले, तो भी उसे अपने पूर्व-जन्म के स्वभाव के अनुसार भोग-कर्म करने को तो विवश होना ही पड़ेगा |इसी कारण से गीता में भगवान श्री कृष्ण ने कहा है कि इस संसार में कोई भी व्यक्ति बिना कर्म किये रह ही नहीं सकता |अपनी जिद्द से वह योग-कर्म से विमुख अवश्य हो सकता है परन्तु भोग-कर्म करने से वंचित नहीं हो सकता |इन्हीं भोग-कर्मों को करते हुए वह एक दिन योग-कर्म करने को भी विवश हो जायेगा | इस प्रकार कर्मों की एक अंतहीन श्रृंखला बन जाती है जिसके पाश से छूट पाना साधारण मनुष्य के वश में नहीं है | 
   क्रमशः 
                        || हरिः शरणम् || 

Tuesday, December 16, 2014

कर्म-योग |-3

कर्म-
      कर्म ही इस संसार को गतिमान बनाये रखने की धुरी है | सारा संसार कर्म के चारों और परिक्रमा कर रहा है |जिस दिन यह कर्मों का संसार समाप्त हो जायेगा, वह दिन इस भौतिक संसार का भी अंतिम दिन होगा | कर्म इस भौतिक संसार का आधार है क्योंकि परमात्मा ने कर्म करते रहने को ही प्राथमिकता दी है | बिना कर्म किये इस संसार में न तो कुछ प्राप्त किया जा सकता है और न ही कुछ खोया जा सकता है | रामचरितमानस में गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा है- “कर्म प्रधान बिस्व करि राखा ” अर्थात् परमात्मा ने इस संसार में कर्म को ही मुख्य भूमिका में रखा है | कर्म के बिना इस संसार का गतिमान बने रहना मुश्किल है |अगर कर्म नहीं है तो संसार भी नहीं है और इसी प्रकार कर्म हैं तो यह संसार है |
      जब कर्म की प्रधानता इस संसार में है और कर्म पर ही संसार का अस्तित्व टिका हुआ है तो यह जानना महत्वपूर्ण होगा कि कर्म कैसे होते हैं , कौन करता है और क्यों करता है ? हम सब कर्म में विश्वास रखते हैं |यह इसी बात से साबित होता है कि प्रत्येक दिन प्रातःकाल से ही मनुष्य कर्म करने में लग जाता है | समस्त विश्व में भारत ही एक मात्र देश है जहाँ प्रत्येक व्यक्ति किसी विशेष कर्म को करने से पहले परमात्मा का स्मरण अवश्य करता है | इसका कारण गीता में भगवान श्री कृष्ण सटीक रूप से स्पष्ट करते हैं | कही भी, किसी प्रकार का विरोधाभास नहीं है |कर्म की व्याख्या जिस प्रकार से श्रीमद्भगवद्गीता में की गई है उतनी सटीक व्याख्या आपको अन्य किसी भी धर्मशास्त्र में नहीं मिलेगी |
   कर्म करने के बारे में गीता में भगवान श्री कृष्ण अर्जुन को समझाते हुए कहते हैं-
                  न हि कश्चित्क्षणमपि जातु तिष्ठत्यकर्मकृत् |
                  कार्यते ह्यवशः कर्म सर्वः प्रकृतिजैर्गुणै : ||गीता 3/5 ||
   अर्थात् निःसंदेह कोई भी मनुष्य किसी भी काल में क्षण मात्र भी बिना कर्म किये नहीं रहता; क्योंकि सारा मनुष्य समुदाय प्रकृति जनित गुणों द्वारा परवश हुआ कर्म करने के लिए बाध्य किया जाता है |

                यहाँ एकदम स्पष्ट है कि समस्त मनुष्य जो भी योग-कर्म करते हैं ,वे कर्म व्यक्ति के प्राकृतिक गुणों के कारण ही होते हैं | जैसा कि हम जानते है कि प्रकृति के तीन गुण है-सत, रज और तम | प्रत्येक व्यक्ति में उपरोक्त तीनों गुण ही उपस्थित होते हैं परन्तु जिस गुण की प्रधानता होती है, व्यक्ति का स्वभाव उसी गुण के अनुरूप माना जाता है | जिस पुरुष में सात्विक गुणों की प्रधानता होती है, वह व्यक्ति प्रायः सात्विक कर्म ही करता है ,परन्तु उस व्यक्ति में सत गुण के साथ रज और तम गुण भी उपस्थित होते हैं उस कारण से यदा कदा उससे सात्विक कर्म के अलावा अन्य प्रकार के कर्म भी हो जाते हैं |अतः यह कहना एकदम सही है कि व्यक्ति चाहे जितना मन में ठान ले कि यह करना है या यह नहीं करना है, मनुष्य के हाथ में कुछ भी नहीं है । करना या न करना , होना अथवा न होना तो उसमें उपस्थित गुणों के वश में है । अतः मनुष्य अपने में ही उपस्थित गुणों के परवश होकर उन्हीं के अनुरूप कर्म करने को बाध्य होता है | 
क्रमशः    
                     || हरिः शरणम् ||

Sunday, December 14, 2014

कर्म-योग |-2

                       मानव जन्म में किये जाने वाले योग-कर्म तथा कर्म-योग,इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर  है । अतः इन दो शब्दों को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम रखने की आवश्यकता नहीं है । कर्म-योग ,एक ऐसी उच्च अवस्था का नाम है जिसे प्रत्येक मनुष्य प्राप्त करना चाहता  है । इस अवस्था को प्राप्त करने के लिए मनुष्य को योग-कर्म करना आवश्यक है । प्रत्येक योग-कर्म करने वाला व्यक्ति कर्म-योगी नहीं हो सकता परन्तु कर्म-योगी बनने के लिए योग-कर्म करना  प्रत्येक आकांक्षी मनुष्य के लिए आवश्यक है ।योग-कर्म और कर्म-योग के बीच केवल मात्र यही सम्बन्ध है ।दोनों को एक समझ लेना उचित नहीं है ।
                      आजकल हम किसी भी मंच से ,किसी भी व्यक्ति को कर्म-योगी की उपाधि से विभूषित कर देते हैं । ऐसा कहना  हमारी गलत सोच का परिणाम है ।जब प्रत्येक मनुष्य को कर्म करने की स्वतंत्रता है और प्रत्येक के लिए कर्म करने आवश्यक हैं तथा इस संसार में कोई भी व्यक्ति कर्म किये बिना नहीं रह सकता तो ऐसे में प्रत्येक कोई कर्म-योगी नहीं हो जायेगा ।  कर्म-योगी बनने के लिए केवल मात्र योग-कर्म करने ही पर्याप्त नहीं है । कर्म-योग एक साधना का नाम है जिसे प्रत्येक प्रकार के योग-कर्म करते हुए प्राप्त नहीं किया जा सकता । हाँ,योग-कर्म ही एक मात्र ऐसा साधन है जिसे करते हुए मनुष्य कर्म-योग को प्राप्त हो सकता है । अतः हमें सबसे पहले यह जानना आवश्यक है कि योग-कर्म क्या है? योग-कर्म कितने प्रकार के है ? किस प्रकार के योग-कर्म करते हुए व्यक्ति कर्म-योग को उपलब्ध हो सकता है ?जब तक हम योग-कर्म को सही प्रकार से नहीं समझेंगे तब तक कर्म-योग को उपलब्ध नहीं होंगे । कर्म-योग को उपलब्ध हो जाना ही कर्म-योगी हो जाना है ।
क्रमशः
                                           ॥ हरिः शरणम् ॥ 

Thursday, December 11, 2014

कर्म-योग|-1

                                     इस संसार में जिसने भी जन्म लिया है,वह एक पल के लिए भी कर्म किये बिना नहीं रह सकता । इस धरती पर समय समय पर विभिन्न अवतार लेकर परमात्मा भी आये हैं और सभी ने अपने अपने अनुसार कर्म किये हैं । मानव ही नहीं बल्कि प्रत्येक जीव यहाँ पर कर्म करने को विवश हैं | अंतर सिर्फ इतना ही है कि अन्य प्राणी पूर्व मानव जन्म में किये गए कर्मों का फल भोगने के लिए कर्म करने को विवश है जबकि मनुष्य पूर्व जन्मों में किये गए कर्मों का फल भोगने के साथ ही साथ इस जन्म में स्वेच्छा से कर्म करने को स्वतन्त्र है । यह कर्म करने की स्वतंत्रता ही उसमे कर्म करने के प्रति कामना उत्पन्न करती है । अन्य जीवों में कर्म करने की स्वतंत्रता न होने के कारण उनमे कामना पैदा होने का प्रश्न ही नहीं है ।
                        पूर्व मानव जन्म में किये गए कर्मों के फलस्वरूप जो भी कर्म प्राणी द्वारा किये जाते है ,वे कर्म भोग-कर्म कहलाते हैं । अतः मनुष्य और अन्य प्राणी जो भी कर्म ,पूर्व के जन्मों में किये गए कर्मों के फलों के भोग स्वरुप करते हैं उन्हें हम कर्म नहीं कह सकते हैं । केवल अपनी कर्म करने की स्वतंत्रता ही मनुष्य जीवन में किये गए कर्मों के भविष्य का निर्धारण करती है,अतः ये ऐसे किये जाने वाले कर्म ही वास्तविकता में कर्म कहे जाते हैं । इसी कर्म स्वतंत्रता के कारण मनुष्य द्वारा किये जा रहे कर्म विशेष होते हैं ।
                     इस प्रकार से हम कर्मों को प्रमुख रूप से दो भागों में बाँट सकते हैं-भोग-कर्म और योग-कर्म । भोग-कर्म वे कर्म होते हैं जो पूर्व जन्म में किये गए कर्मों के परिणाम स्वरुप प्रत्येक प्राणी को अपने जीवन काल में करने पड़ते हैं । इन भोग-कर्मों के करने में सम्बंधित प्राणी का किसी भी प्रकार का नियंत्रण नहीं रहता है । दूसरे प्रकार के कर्म यानि योग-कर्म करने का अधिकार सभी प्राणियों में केवल मनुष्य को प्राप्त है । मनुष्य को स्वतंत्रता है कि वह अपने मन के अनुसार किसी भी प्रकार का कर्म कर सकता है । इन्हें हम योग-कर्म इसलिए कहते हैं क्योंकि इन कर्मों का सम्पूर्ण लेखा-जोखा मानव के चित्त में अंकित होकर बढ़ता जाता है (कर्मों का योग) और मानव देह की समाप्ति पर इन कर्मों का विश्लेषण आत्मा करती है और उसी  के अनुरूप किसी भी प्राणी के रूप में पुनर्जन्म पाकर भोग-कर्म करने को विवश होना पड़ता है ।
क्रमशः
                                                ॥ हरिः शरणम् ॥